जनजीवन ब्यूरो / भोपाल । मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश के दिग्गज नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को समन्वय समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं युवा चेहरे ज्योतिरादित्य सिंधिया को मध्य प्रदेश चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया है।
वहीं दूसरी ओर हिमाचल कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुशील कुमार शिंदे को कांग्रेस आलाकमान ने उनके पद से हटा दिया है। शिंदे के स्थान पर रजनी पाटिल को तुरंत प्रभाव से हिमाचल कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस हाईकमान की ओर से यह फैसला किया गया है।
गौरतलब है कि 22 जुलाई 2017 को अंबिका सोनी के इस्तीफा देने के बाद सुशील शिंदे को हिमाचल कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किया गया था। प्रदेश में शिंदे के प्रभार में ही कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव लड़े थे लेकिन करारी हार का सामना करना पड़ा था। हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 21 सीटें, जबकि भाजपा को 44 सीटें मिली।
रजनी पाटिल का जन्म पांच दिसंबर 1958 को हुआ। वह महाराष्ट्र से संबंध रखती हैं। वह राज्यसभा में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्हें महाराष्ट्र के पूर्व सीएम विलासराव देशमुख की मौत के बाद 2013 में राज्यसभा के लिए चुना गया था।
रजनी 1996 में सबसे पहले बीड लोकसभा सीट से चुनाव जीती थी लेकिन बाद में वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गईं थी। नया प्रभारी नियुक्त होने के बाद हिमाचल कांग्रेस में भी फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं।